पत्नी ने पति और बेटे ने मां को उतारा मौत के घाट

न्यूज़ सुनें
बहादराबाद। क्षेत्र के गांव मरगूबपुर में डबल र्मडर से गांव में डर का माहौल है। महिला ने पहले कुल्हाड़ी से अपने पति की हत्या की फिर इसके बाद गुस्से में आए बेटे ने अपनी सौतेली मां का गला दबा कर मौत के घाट उतार दिया। बेटे ने खुद थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। जिस से पुलिस स्तब्ध  रह गई। जानकारी मिलते ही घटना स्थल पर पुलिस पहुंच गई और हत्याकांड के बारे में जानकारी जुटाई।
पुलिस के मुताबिक तोहिद पुत्र इनामुल हक उम्र 22 वर्ष निवासी मरगूबपुर थाना बहादराबाद पहुंचा। उसने पुलिस को बताया कि मेरे पिता इनामुल हक और मेरी सौतेली मां सितारा के बीच झगड़ा हो गया था। इस पर मेरी सौतेली मां ने मेरे पिता इनामुल हक को कुल्हाड़ी से गले पर वार करके मार दिया था। इस पर मैंने अपनी सौतेली मां सितारा को गला घोट कर मार दिया है।
युवक की बात सुनकर पुलिस हैरान रह गई। बहादराबाद थानाध्यक्ष नितेश शर्मा पुलिस बल लेकर आनन-फानन में गांव पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। गांव जाकर पता चला कि इनामुल हक खेती बाड़ी करता है और गांव में परचून की दुकान भी चलाता था। छानबीन में पता चला कि इनामुल हक की पहली पत्नी इमराना की 10 वर्ष पहले बीमारी से मृत्यु हो गई थी। इनामुल हक ने 2 वर्ष पूर्व ही सितारा निवासी सहारनपुर से दूसरी शादी की थी। वह लुधियाना में रहती है।
शनिवार देर रात सितारा अपना कुछ सामान लेकर मरगूबपुर पहुंची। सुबह ही बच्चों से झगड़ा करने लगी। इनामुल हक के बीच-बचाव करने पर उसने कुल्हाड़ी से इनामुल हक के गले पर वार करके उसको मार दिया। उसके बाद तोहीद ने आक्रोशित होकर वहीं रखे तकिया और चुन्नी से सितारा का गला घोट कर मार डाला। हत्याकांड की सूचना पर एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह व एएसपी रेखा यादव ने भी गांव पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *