युवती समेत दो के खिलाफ दी तहरीर
देहरादून। 14 जुलाई को मसूरी क्षेत्र में मिले युवक के शव के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक के परिजनों ने नेहरू कॉलोनी थाने में तहरीर देकर युवक की हत्या की आशंका जताई है और उसकी कथित प्रेमिका समेत दो लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की बहन ने थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दर्ज कराई कि उसका भाई सुमित पाल 8 जुलाई 2026 से अपने घर से लापता था। काफी तलाश के बाद 14 जुलाई 2026 को उसका शव मसूरी क्षेत्र से बरामद हुआ।
मृतक की बहन ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि, सुमित का चमोली की युवती के साथ प्रेम संबंध था। तहरीर में कहा गया है कि परिवार को पूरा संदेह है कि सुमित की हत्या की गई है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि इस मामले में युवती समेत दो व्यक्तियों की भूमिका सामने आ रही है। मृतक के परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि मामले की किसी भी प्रकार के दबाव से मुक्त होकर निष्पक्ष जांच की जाए और प्रथम दृष्टया दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
गौर है कि 14 जुलाई को हाथीपांव रोड नाग मंदिर के पास जंगल में सुमित का शव मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए थे। शव का पोस्टमॉर्टम करने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया गया था।
वहीं शव को जंगली जानवरों ने नुकसान पहुंचाया और सड़ी गली हालत में बरामद किया गया। साथ ही मृतक के परिजनों ने 15 जुलाई को थाना नेहरू कॉलोनी में प्रदर्शन करते हुए हत्या की आशंका जताई थी।
