ढैला के उफान में कार बहने से नौ की मौत, एक महिला गंभीर

न्यूज़ सुनें
मृतकों में छह महिला और तीन पुरुष, जांच में जुटा प्रशासन, अधिकतर मृतक पंजाब के
रामनगर। नोएडा, पंजाब से रामनगर आए लोगों की कार ढैला बरसाती नाली में बह गई। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई है। इसमें छह महिलाएं एवं तीन पुरुष शामिल हैं। एक महिला को गंभीर हालत में रामनगर अस्पताल में भर्ती किया गय है। घटना की जानकारी पीड़ितों को दे दी गई है। यह घटना काब्रेट स्माल टाउन रिसोर्ट से लौटते समय की है। पुलिस इन लोगों के रिसोर्ट में आने के कारणों की पड़ताल कर रही है। हादसे में मारे गए लोगों में पांच पंजाब,तीन दिल्ली औए एक नोएडा के हैं।घटनाक्रम के अनुसार पंजाब नंबर की एक अर्टिका कार से दस लोग शुक्रवार सुबह तड़के पांच बजे काब्रेट स्माल टाउन रिसोर्ट से चेकआअट कर रामनगर की ओर आ रहे थे। कुछ सफर तय करने के बाद  यह कार ढैला नदी के रपटे में बह गई। इस हादसे में छह युवतियों सहित नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में एक महिला किसी तरह कार का शीशा तोड़कर बाहर निकलने में सफल लेकिन गंभीर रुप स घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी डीएस गब्र्याल, एसएसपी पंकज भट्ट समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे में हताहत लोगों के परिजनों को सूचना भेजी जा चुकी है। हादसे के पीछे प्रथम दृष्टया कार चालक की लापरवाही दिख रही है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय ढैला नदी में पानी का जलस्तर बरसात की वजह से बढ़ने से यातायात रुका हुआ था। अर्टिका कार चालक ने मौके पर मौजूद लोगों के मना करने के बाद भी कार को नाले से पार करनी चाही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आधा नाला पार करने के बाद कार तेज बहाव वाले क्षेत्र में पहुंची तो वह हिचकोले खाने लगी। जिससे कार में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। इससे पहले की कार चालक कार को संभाल पाता, लोगों के देखते ही देखते पानी का तेज बहाव कार को बहाते हुए ले गया और कार बरसाती नाले के किनारे गहरे गड्ढे में जा दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पुलिस निरीक्षक अरुण कुमार सैनी, एसडीएम गौरव चटवाल एवं एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव का काम शुरू कर दिया। इस दौरान कार का शीशा तोड़कर बाहर निकली महिला नाजिया पत्नी शाने आलम निवासी काब्रेट कालोनी रामनगर हाल निवासी फरीनगर ठाकुरद्वारा जिला मुरादाबाद को तत्काल रामनगर अस्पताल में भर्ती किया गया। कुछ ही पलों में पांच लोगों के शव बरामद कर लिए। बाकी लोगों की कार में ही फंसे होने के कारण मौत हो गई। काफी देर की मशक्कत के बाद बचाव टीम ने कार के खिड़की-दरवाजे तोड़ कर फंसे अन्य चार लोगों के शवों को बाहर निकाला।

हादसे में मृतकों की शिनाख्त आशिया (24) पुत्री मो उमर निवासी काब्रेट कलोनी रामनगर, कविता (30) पत्नी भूपेंद्र सिंह निवासी गुरु अंगददेव कालोनी पटियाला, पिंकी कुमारी (23) पत्नी देवेन्द्र साहनी निवासी ओमेक्स, सेक्टर 93 बी, नोएडा, जावी उर्फ सपना (32) द्वारा लखविंदर सिंह निवासी इंद्रपुर पटियाला पंजाब, संगीता तमांग (35) पुत्री नारायण तमांग निवासी ईस्ट कैलाश नई दिल्ली, हिना (35) निवासी भजनपुरा दिल्ली, पवन जैकब (40) पुत्र सुरजीत जैकब निवासी भीमनगर पटियाला पंजाब, अमनदीप सिंह पुत्र मनोहर सिंह निवासी भवानीगढ़ संगरूर पंजाब एवं इकबाल निवासी पटियाला के तौर पर हुई है। पुलिस ने सभी शवों की शिनाख्त के बाद उनके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी शव पीएम के लिए भेज दिए हैं। उन्होंने बताया कि घटना में गंभीर रुप से घायल महिला का इलाज चल रहा है। फिलहाल गहरे सदमे में होने की वजह से महिला कोई जानकारी नहीं दे पा रही है। इस बीच डीएम और एसएसपी ने घटनास्थल का मुआयना किया। दोनों अफसरों ने अस्पताल में भर्ती महिला का भी हालचाल जाना। बाद में बताया कि शुरूआती जांच में हादसे के पीछे कार चालक की नासमझी ही सामने आ रही है।

एसएसपी ने बताया कि काब्रेट स्माल टाउन नाम के रिसोर्ट में तमाम अनियमितताएं मिलने की वजह से उसके खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। दबी जुबान में यह भी बताया जा रहा है कि इस रिसोर्ट में बीती रात पार्टी का आयोजन किया गया था। इसी पार्टी के लिए हादसे का शिकार बने लोगों को बुलाया गया था। प्रशासन की ओर से इस बात की कोई पुष्टि नहीं की गई है। एक प्रत्यक्षकदर्शी स्थानीय युवक ने बताया कि यह घटना सुबह पांच बजे की है। वह नदी के दूसरी और खड़ा था। नदी में पानी का बहाव बहुत तेज था। उसने बताया कि इस कार को सामने से आते हुए देखकर हाथ हिला कर इशारे से कार को रोकने का प्रयास किया। कार चालक ने इशारे को नजरंदाज कर दिया। इसके साथ ही कार चालक ने कार को नदी में उतार दिया। जब कार नदी पार करते हुए पानी के तेज बहाव में पहुंची तो कार बहते हुए पलटकर नीचे गिर गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *