पिंकी की शादी की खुशियां मातम में बदली

न्यूज़ सुनें
बांक गांव में दुर्घटना से मचा कोहराम
थराली।
देवाल ब्लाक के बांक गांव की पिंकी की हाथों में मेहंदी रचाने की हसरत पूरी नहीं हो पाई और वह सड़क दुर्घटना में दुनिया से सदा-सदा के लिए विदा हो गई। काल के बेरहम पंजों ने एक पूरे हरे-भरे परिवार को हमेशा के लिए इस दुनिया से विदा कर दिया। इस घटना से जहां बांक गांव में कोहराम मचा है और हर तरफ मातम पसर गया है।  देवाल ब्लाक के बांक गांव की 25 वर्षीय पिंकी का थराली ब्लाक के किमनी गांव के युवक से 12 मई को शादी होने जा रही थी। शादी के लिए ही सामान खरीदने वह मेरठ में रह रहे अपने मामा के पास गई थी।मेरठ में शादी व्याह का सामान खरीदने के बाद पिंकी अपने मामा प्रताप सिंह दानू समेत शादी व्याह में शामिल होने खुशी खुशी बीती रात मेरठ से बांक गांव को जा रहे थे कि रविवार तड़के करीब 6.30 बजे बद्रीनाथ हाईवे पर तोता घाटी के पास वाहन दुर्घटना में हमेशा हमेशा के लिए इस दुनिया से चल बसे। पिंकी समेत सभी लोग इंडिको कार (यूपी 15 डीएल 1061) से घर लौट रहे थे कि तोता घाटी में वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना में 25 वर्षीय पिंकी पुत्री त्रिलोक सिंह राणा, पिंकी के मामा 40 वर्षीय प्रताप सिह पुत्र देव सिह, पिंकी की मामी 36 वर्षीय भागीरथी देवी पत्नी प्रताप सिंह, ममेरा भाई 15 वर्षीय विजय व 12 वर्षीय ममेरी बहिन मंजू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

इस दुर्घटना में जान गवां चुकी पिंकी की हाथों पर मेहंदी लगाने की तमन्ना हमेशा हमेशा के लिए समाप्त हो गई। इस दुर्घटना में मामा का हंसता-खेलता पूरा परिवार काल के गाल में हमेशा के लिए समा गया। इस दर्दनाक हादसे की जानकारी सुबह 7 बजे के आस पास बांक गांव समेत देवाल और किमनी गांव (थराली) पहुंची तो हर तरफ कोहराम मच गया। इससे शादी की होने वाली खुशी मातम में पसर गई। हर तरफ मातम तथा सन्नाटा पसर जाने से लोग घटना को लेकर स्तब्ध होकर रह गए हैं।

थराली के विधायक भूपाल राम टम्टा ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई है। वह लगातार शासन प्रशासन से संपर्क बनाए हुए हैं। बताया कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग दिया जाएगा। देवाल के ब्लाक प्रमुख डा दर्शन दानू, जिपंस आशा धपोला, कृष्ण बिष्ट, देवाल प्रधान संघ के अध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष गिरीश मिश्रा, कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष इंद्र सिंह राणा आदि ने भी इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं के प्रति संवेदना जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *