मुख्यमंत्री धामी ने किया लक्सर क्षेत्र के बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा

न्यूज़ सुनें

लक्सर।  
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारी बारिश के चलते सोलानी नदी का तटबंध टूटने के कारण लक्सर व देहात में आई बाढ़ क्षेत्र का दौरा किया। जिला प्रशासन को बाढ़ पीड़ितों को आवश्यक राहत सामग्री दिए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को आासन दिया कि क्षेत्र में बाढ़ आने के कारणों का पता लगाकर उक्त समस्या का समाधान कराया जाएगा, ताकि भविष्य में क्षेत्रवासियों को बाढ़ के पानी से निजात मिल सके।
गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मंगलवार की शाम को सोलानी नदी का तटबंध टूटने के कारण बाढ़ के पानी ने क्षेत्र में जमकर कहर बरपाया है। बाढ़ आने की सूचना पर गुरुवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रशासनिक अमले के साथ लक्सर व खानपुर पहुंचकर बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र का दौरा किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बाढ़ ने लक्सर व खानपुर क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। बाढ़ से बचाव राहत कार्य में जिला प्रशासन पूरी तरह से लगा हुआ है। वैसे तो पूरे प्रदेश में ही बाढ़ ने अपना कहर मचाया है। किंतु लक्सर खानपुर क्षेत्र बाढ़ के चलते ज्यादा प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि हालात सामान्य होने के बाद बाढ़ के कारणों का भी पता लगाया जाएगा कि आखिर किन कारणों से लक्सर व खानपुर क्षेत्रों में बाढ़ आती है। इसके लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ समीक्षा भी की जाएगी, ताकि भविष्य में क्षेत्र के लोगों को बाढ़ की विभीषिका का सामना ना करना पड़े। इसके लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ कार्य योजना बनाकर पूरी तैयारी करनी होगी, तभी लोगों को बाढ़ से बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बाढ़ की वजह से आम जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। जनजीवन सामान्य होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल बाढ़ पीड़ितों को जरूरत का सामान भिजवाया जाएगा, ताकि बाढ़ पीड़ितों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस मौके पर जिलाधिकारी धीरज सिंह गब्र्याल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह, एसपी देहात स्वपन किशोर सिंह, सीडीओ प्रतीक जैन, लक्सर एसडीएम गोपालराम बिनवाल, एएसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ, लक्सर सीओ मनोज ठाकुर, लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य मनीष चौधरी, प्रधान संगठन के ब्लाक उपाध्यक्ष सहदेव चौधरी, भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष सचिन चौधरी, इकबाल प्रधान, देवेंद्र चौधरी, निपेंद्र आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *