जंगल में घास काटने गई महिला की दर्दनाक मौत

ऊखीमठ। कालीमठ घाटी की ग्राम पंचायत कोटमा के राजस्व ग्राम खोन्नू निवासी 27 वर्षीय निधि देवी पत्नी दीपक सिंह की जंगलों में घास काटते समय ऊपरी हिस्से से पत्थर गिरने के कारण दर्दनाक मौत हो गयी।

निधि देवी के निधन से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और परिवार के सामने दुखों का पहाड़ टूट गया है। निधि देवी अपने पीछे पति, एक पुत्र व एक पुत्री छोड़ गयी है। रविवार को उनका अन्तिम संस्कार उनके पैतृक घाट पर गमगीन माहौल में किया गया।

ग्राम प्रधान आशा सती ने बताया कि 27 वर्षीय निधि देवी पत्नी दीपक सिंह सुबह के समय खोन्नू गाँव के निकट जंगलो में घास काटने गयी थी कि अचानक जंगल के ऊपरी हिस्से से पत्थर गिरने के कारण उनके सिर पर गहरी चोट लग गयी, जिससे निधि देवी गम्भीर रूप से घायल हो गयी।

परिजनों व ग्रामीणों ने घायल अवस्था में निधि देवी को स्वास्थ्य केन्द्र गुप्तकाशी पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। निधि देवी का अन्तिम संस्कार उनके पैतृक घाट पर गमगीन महौल में किया गया।

प्रधान संगठन ब्लॉक संरक्षक सन्दीप पुष्वाण ने बताया कि निधि देवी की आकस्मिक मृत्यु होने से उनके पति दीपक सिंह के सामने दुखों का पहाड़ टूट गया है। उनके निधन पर कालीमठ घाटी के जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों व परिजनों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *