उत्तराखंड चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तेज की तैयारी प्रत्याशी चयन पर मंथन शुरु

केंद्रीय स्क्रीनिंग कमेटी देहरादून पहुंची
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं।

चुनावी रणनीति को धार देने और संभावित प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की केंद्रीय स्क्रीनिंग कमेटी के वरिष्ठ सदस्य शनिवार को देहरादून पहुंचे।

कमेटी ने प्रदेश के शीर्ष नेताओं और राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्यों के साथ अलग-अलग बैठकें कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष दीपा दासमुंशी के साथ सदस्य अनिल चौधरी और पाल भाई आंबलिया के देहरादून पहुंचने पर प्रदेश कांग्रेस में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बैठकों का दौर शुरू हुआ।

पहली बैठक में प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की स्थिति, पार्टी की चुनावी रणनीति और आगामी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य करन माहरा और उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी सहित वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

इसके बाद स्क्रीनिंग कमेटी ने प्रदेश कांग्रेस राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। इसमें प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों के राजनीतिक समीकरणों और चुनावी संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

संभावित प्रत्याशियों की दावेदारी, उनकी संगठनात्मक सक्रियता, क्षेत्र में जनाधार और स्थानीय कार्यकर्ताओं से मिलने वाले फीडबैक को प्रत्याशी चयन के महत्वपूर्ण आधार के रूप में चर्चा में शामिल किया गया।

बैठक में विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया और उसकी रणनीति पर भी विचार किया गया। पार्टी नेताओं ने प्रदेश के राजनीतिक हालात और विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की स्थिति के संबंध में स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष अपने विचार रखे।

राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, करन माहरा, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, भुवन कापड़ी, विधायक ममता राकेश, विक्रम सिंह नेगी और रवि बहादुर शामिल रहे।

इनके अलावा पूर्व मंत्री नवप्रभात, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, महेंद्र पाल सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित और एनएसयूआई अध्यक्ष विकास नेगी भी बैठक में मौजूद रहे। केंद्रीय स्क्रीनिंग कमेटी के दौरे को प्रदेश में कांग्रेस की चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बैठकों के जरिए पार्टी नेतृत्व ने विधानसभा क्षेत्रों की स्थिति, संगठनात्मक मजबूती और संभावित उम्मीदवारों को लेकर प्रारंभिक विचार-विमर्श किया है। आने वाले समय में प्रत्याशी चयन और चुनावी रणनीति को लेकर पार्टी की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *