देहरादून। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जागेश्वर धाम में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा संचालित जागेश्वर पुरातत्व संग्रहालय में रखी 9 प्राचीन धरोहर मूर्तियों को दिल्ली शिफ्ट किए जाने को लेकर सियासत तेज हो गई है।
जागेश्वर धाम के संग्रहालय से मूर्तियों को ले जाने के लिए एक टीम जागेश्वर पहुंची, जिसका स्थानीय लोगों और पुजारियों ने पुरजोर विरोध किया। वहीं पूर्व सीएम हरीश रावत ने सोशल मीडिया हैंडल पर इसका विरोध करते हुए राज्य सरकार से इस प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग की है।
हरीश रावत ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि उन्हें जागेश्वर धाम से पंडितों द्वारा जानकारी मिली है कि वहां के संग्रहालय में रखी 9 प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली शिफ्ट करने के लिए एक टीम जागेश्वर पहुंची हुई है, जिसका स्थानीय लोगों के साथ ही पुजारियों ने विरोध करना शुरू कर दिया है।
हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर लोगों के विरोध का एक वीडियो भी साझा किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि जागेश्वर हमारा अत्यंत प्राचीन और पावन धाम है, जिससे पूरे उत्तराखंड समेत विश्व के श्रद्धालुओं की गहरी धार्मिक आस्था जुड़ी हुई है।
उन्होंने लिखा कि अपने मंदिरों की इन अमूल्य मूर्तियों को किसी भी हालत में दिल्ली शिफ्ट नहीं होने देंगे। उन्होंने राज्य सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस प्रक्रिया को तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
हरीश रावत ने इस संदर्भ में कुमाऊं कमिश्नर से भी बात कर इस मामले का तत्काल संज्ञान लेने को कहा है। साथ ही कांग्रेस वरिष्ठ नेता गोविंद सिंह कुंजवाल से तत्काल मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने और स्थानीय लोगों के साथ खड़े रहने को कहा है।
हरीश रावत ने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी, तो वे स्वयं जागेश्वर धाम जाएंगे। जागेश्वर में विरोध कर रहे स्थानीय लोगों अपनी मांगों पर अडिग हैं और मूर्तियों को आस्था और पहचान बता रहे हैं। मूर्तियों को दिल्ली ले जाने से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत होंगी और जागेश्वर के वजूद पर खतरा मंडराएगा।
स्थानीय लोग और पुजारी शासन-प्रशासन से लिखित आश्वासन मांग रहे हैं, ऐसा ना करने पर मूर्तियों को नहीं जाने दिया जाएगा। लोगों के विरोध पर प्रशासन की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीं लोगों और पुजारियों के विरोध से मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
