कुछ गंभीर घायलों को किया हायर सेंटर रेफर, जांच में जुटी पुलिस
दुल्हन को लेकर लौट रही थी वारात, मृतक के घरों में कोहराम मचा
चम्पावत। टनकपुर पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में घाट (बागधारा) के समीप भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में बारातियों से भरी बोलेरो अनियंत्रित होकर दो सौ मीटर गहरी खाई में गिर कर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।शुक्रवार को खाई से घायलों को निकालकर प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर भेज दिया है। जबकि मृतकों के पीएम की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना से दुल्हन और दुल्हे के गांव में शोक की लहर है। दुल्हे के भाई पंकज पांडा ने लोहाघाट में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक बारात गंगोलीहाट से पाटी ब्लाक के बालातड़ी गांव गई हुई थी। यह दुर्घटना बृहस्पतिवार रात दुल्हन को लेकर लौटते समय हुई।
दुर्घटना के समय वाहन में10 लोग सवार थे जिसमें से 5 की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक महिला और उसके 6 वर्षीय बेटे सहित पांच लोग शामिल हैं। मृतकों में भावना चौबे (28), प्रियांशु चौबे (6) निवासी स्याल्दे अल्मोड़ा, प्रकाश चंद्र उनियाल (40) बिलासपुर, केवल चंद्र उनियाल (35), सुरेश नौटियाल (32) निवासी पंतनगर शामिल है।
घायलों में धीरज पुत्र प्रकाश चंद्र (रुद्रपुर), राजेश (14) पुत्र उमेश चंद्र जोशी (लाखतोली), चेतन चौबे (5) पुत्र सुरेश चौबे (दिल्ली), भास्कर पांडा (किलोटा), वाहन चालक देवदत्त (38) पुत्र रामदत्त (सल्ला भटकोट, शेराघाट) शामिल है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी लोहाघाट अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से गहरी खाई से सभी घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और तत्काल लोहाघाट उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
चिकित्सा अधीक्षक डा. विराज राठी व डा. अजीम ने बताया कि घायलों में भास्कर की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल चम्पावत से अन्यत्र रेफर कर दिया गया है। बाकी चार घायलों का उपचार लोहाघाट उप जिला अस्पताल में चल रहा है। प्रथम दृष्टया हादसे का कारण वाहन चालक का नशे में होना बताया जा रहा है। थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह व राजस्व उप निरीक्षक नीरज कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा रेस्क्यू अपरेशन पूरा हो चुका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस दुर्घटना पर लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत पूर्व विधायक पूरन सिंह फत्र्याल पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष प्रकाश राय जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी सहित अन्य लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया हैं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दुर्घटना में घायल लोगों की की हर संभव मदद करने का आासन दिया है। एसपी अजय गणपति ने घटना पर दुख जताया है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि नशे तथा ओवरलोडिंग वाहन न चलाएं अपनी और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। इस बीच दुल्हे के भाई पंकज पांडा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रभारी थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने इस बात की पुष्टि की है। इसमें चालक के नशे में होने और ओवर स्पीड का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि वारात बृहस्पतिवार को रात नौ बजे दुल्हन को लेकर लौट गई थी। पांच घंटे से अधिक समय की बात किसी की समझ में नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है।
